मनरेगा के अपर सचिव ने सुनीं जनप्रतिनिधियों की समस्याएं
- कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों से मांगे सुझाव
अमर उजाला ब्यूरो
विकासनगर।
सोशल ऑडिट मनरेगा के अपर सचिव राम विलास यादव ने ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्य की समस्याएं सुनीं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आपत्तियां और सुझाव भी मांगे। ब्लॉक प्रमुख रंजीता तोमर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण चौहान ने कहा कि ऑडिट टीम के सदस्य गांव में अराजकता फैला रहे हैं। लोगों को ग्राम प्रधानों के खिलाफ उकसाया जा रहा है। प्रधानों को ब्लैकमेल किया जा रहा है।
पछवादून प्रधान संगठन के अध्यक्ष इमरान ने ऑडिट टीम पर्यवेक्षक पर तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। कहा पर्यवेक्षक के गलत रवैये के चलते ही खुशहालपुर गांव में लोगों के बीच मारपीट और लांठी-डंडे चले। उन्होंने पर्यवेक्षक के निलंबन की मांग की। उन्होंने अपर सचिव से खुशहालपुर गांव में ग्रामीणों के ऊपर दर्ज हुए मुकदमों को भी वापस लेने की मांग की। ब्लॉक प्रमुख रंजीता तोमर ने कहा कि सोशल ऑडिट की सुनवाई स्थलीय निरीक्षण के बाद विकासखंड में होनी चाहिये। अपर सचिव ने कहा कि नियम के विरुद्ध कार्य करने वाले ऑडिट टीम के सदस्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर प्रधान संगठन के महामंत्री रितेश जोशी, सुरेंद्र सिंह तोमर, ग्राम प्रधान नूरजहां, मीनू क्षेत्री, बाला शर्मा, गीता देवी, देवकी बिष्ट, मोहम्मद आलम, अब्दुल सत्तार, हारून, अशोक, रण सिंह, इंतखाब अली, अशोक नेगी, तारा चंद आदि मौजूद रहे।