ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल हरक सिंह रावत ने राजधानी को पॉलीथिन मुक्त बनाने के अभियान के तहत मंगलवार को नगर निगम सभागार में पॉलीथिन विक्रेताओं और अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने विक्रेताओं को 31 मार्च तक अपने गोदाम खाली करने के निर्देश दिए। एक अप्रैल से पॉलीथिन बेचने पर पकड़े जाने पर दुकान सील करने की चेतावनी दी।
अपर आयुक्त ने कहा कि पॉलीथिन से शहर प्रदूषित हो रहा है। कहा कि एक अप्रैल के बाद कोई व्यापारी पॉलीथिन बेचता पकड़ा जाता है, तो दुकान सील की जाएगी। वेडिंग प्वाइंट संचालकों से प्लास्टिक से निर्मित सामग्री प्रतिबंधित करने का बोर्ड लगाने को कहा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। उन्होंने नगर निगम इंस्पेक्टरों और सुपरवाइजरों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप नगर आयुक्त सोनिया पंत, प्रांतीय अध्यक्ष दून उद्योग व्यापार मंडल नरेंद्र प्रकाश आदि मौजूद रहे।
............
कूड़ा न देने वालों की सूची बनाने के निर्देश
अपर आयुक्त गढ़वाल हरक सिंह रावत ने नगर निगम इंस्पेक्टरों और सुपरवाइजरों को घरों का कूड़ा न देने वालों की सूची बनाने के निर्देश दिए। वहीं, उनका चालान करने को भी कहा। चालान शुल्क जमा न कराने पर सूची प्रशासन को सौंपने को कहा। जिससे यह धनराशि राजस्व अमीन के जरिये वसूल की जा सके। उन्होंने 15 लाख मासिक यूजर चार्ज पर भी नाराजगी जताई। कहा कि नगर निगम का दायरा बढ़ गया है। ऐसे में यूजर चार्ज भी बढ़ना चाहिए।
..............
जीपीएस से लैस करें वाहन
अपर आयुक्त गढ़वाल ने कूड़ा उठान में लगे वाहनों में जीपीएस लगाने के निर्देश दिए। कहा कि अधिकारी मोबाइल फोन के जरिये इनकी लोकेशन पता करते रहे। इसके अलावा सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग डिब्बों में ही डालने के लिए जागरूक करने को कहा।