ब्यूरो/अमर उजाल/देहरादून।
शिव सैनिकों ने शिव सेना के संस्थापक बाल ठाकरे एवं आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मंगलवार को नारी स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाई। इस मौके पर शिव सैनिकों की ओर से लड़कियों और महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए कराटे का प्रशिक्षण दिया गया।
शिव सेना के संस्थापक बाल ठाकरे एवं आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर शिव सैनिक मंगलवार दोपहर जिला प्रमुख अमित कर्णवाल के नेतृत्व में गांधी पार्क के पास एकत्र हुए। इस दौरान बाल ठाकरे एवं नेता जी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अलावा शिव सैनिकों ने लड़कियों व महिलाओं को कराटे और नानचक का प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर प्रदेश प्रमुख गौरव कुमार ने कहा कि बाला साहेब ने जनता को जागृत करने, स्वाभिमानी बनाने और समस्याओं से लड़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं नेता जी सुभाष चंद्र बोस ने देश के दुश्मनों से लड़ने के लिए आजाद हिंद फौज बनाई। जिला प्रमुख अमित कर्णवाल ने कहा कि सरकार ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ नारा तो दिया है, लेकिन कोई सकारात्मक पहल नहीं की है। इसी क्रम में शिव सेना ने बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कराटे का मुफ्त में प्रशिक्षण देता है। कराटे प्रशिक्षण शिव सेना कार्यालय गोविंदगढ़ में दो साल से दिया जा रहा है। इस दौरान मनोज बोहरा, आशीष सिंघल, पंकज तायल, रवि गौरोला, रोहित बेदी, अजय साहनी, मनोज सरीन, अभिषेक साहनी, नितिन कुमार, नितिन शर्मा, विकास मल्होत्रा, सोनू चौधरी, विजय गुलाटी, हरीश रावत, फरीद खान और अमन आहूजा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।