ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
प्रदेश की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मैदानी और पहाड़ी जिलों में ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में ट्रैफिक पुलिस के 100-100 सिपाही तैनात किए जाएंगे, जबकि पौड़ी और टिहरी में 30-30 यातायात पुलिस कर्मी तैनात होंगे।
एक सप्ताह के अंदर यह तैनाती की जानी है। डीजीपी ने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारु रखना पुलिस का पहला काम है, क्योंकि पर्यटन प्रधान राज्य होने के कारण यहां देश और विदेश के लोगों का आवागमन रहता है। एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने कहा कि प्रदेश में ओवर स्पीड, ओवरस्पीड में वाहन चलाने, ओवर लोडिंग और सड़क खराब होने के कारण ज्यादा हादसे होते हैं। अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन राम सिंह मीणा, आईजी दीपम सेठ, पुलिस उपमहानिरीक्षक पुष्पक ज्योति, पुलिस महानिरीक्षक, यातायात केवल खुराना, एसपी ट्रैफिक, दून लोकेश्वर सिंह, एसपी ट्रैफिक, हरिद्वार मंजूनाथ टीसी आदि मौजूद रहे।
--
बैठक में लिए गए निर्णय
1. दुर्घटना संभावित स्थलों पर जल्द से जल्द चेतावनी बोर्ड लगेंगे।
2. अभियान चला लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
3. सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
4. प्रत्येक जनपद में नए पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे।
5. नियमों की अनदेखी पर चालकाें के डीएल निरस्त किए जाएंगे।
--
गढ़वाली, कुमाऊंनी में ट्रैफिक जागरुकता
यातायात निदेशक केवल खुराना ने बताया कि भारत सरकार के निर्देश पर अब हिंदी के अलावा प्रदेश की स्थानीय बोलियों गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी में भी ट्रैफिक नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। सोशल मीडिया पर इन्हीं बोलियों में यातायात जागरुकता संदेश जारी किए जाएंगे।