ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
नगर निगम क्षेत्र में 22 के बजाए 60 से अधिक वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। इसे लेकर नगर निगम प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। जल्द ही निगम दोबारा सर्वे कराएगा। जिसके आधार पर नए सिरे से वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। सीमा विस्तार के चलते यह निर्णय लिया गया है।
शहर में फड़-ठेली की बढ़ती संख्या के चलते अक्सर राजपुर रोड, कनक चौक, गांधी पार्क आदि प्रमुख स्थानों पर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। जिसके समाधान के तहत नगर निगम में वर्ष 2016 में केंद्र सरकार की दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत नासिवी संस्था से सर्वे कराया था। पहले फेज में 1819 फड़-ठेली चिह्ति किए गए। जबकि दूसरे फेज की गणना के बाद यह संख्या 2758 पहुंच गई। जिनके लिए पहले 12 फिर 22 वेंडिंग जोन चिह्नित किए गए। लेकिन, अब दोबारा सर्वे कराया जाएगा। जिसमें वेंडरों की संख्या बढ़कर छह हजार के आसपास होगी।
.......................
पहले सर्वे में खर्च हुए थे 17 लाख
नगर निगम ने वर्ष 2016 में 17 लाख 15 हजार रुपये से नासिवी संस्था से सर्वे कराया था। हालांकि कंपनी को अभी तक केवल सात लाख रुपये का ही भुगतान हुआ है। नासिवी के को-आर्डिनेटर ब्रह्मदत्त बताते हैं कि संस्था ने वेंडिंग जोन को लेकर अपनी रिपोर्ट बीते अप्रैल में ही निगम को सौंप दी थी।
......................
नौ महीने बाद भी वेंडिंग जोन में नहीं हुए शिफ्ट
नगर निगम की वेंडिंग जोन योजना नौ महीने बाद भी धरातल में नहीं उतर सकी है। जबकि कंपनी द्वारा सर्वे और फड़-ठेली को आई कार्ड भी अप्रैल में बांट दिए गए थे। ऐसे में दोबारा फिर से सर्वे करने के चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। वजह दूसरी बार सर्वे होने से वर्तमान में फड़-ठेली वालों को दिए स्थान में परिवर्तन हो सकता है।
.........................
वेंडिंग जोन में होंगी ये व्यवस्थाएं
वेंडिंग जोन में वेंडरों के साथ ही ग्राहकों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा शौचालय और शेड की भी व्यवस्था होगी।
................................
शहर के प्रमुख जगहों में चिह्नित वेंडिंग जोन
इंदिरा नगर - मलिक चौक
वसंत विहार - पार्क नंबर चार
एफआरआई - मुख्य गेट के सामने
प्रेमनगर रोड - पंडितवाड़ी
राजपुर - पैसिफिक अपार्टमेंट के पास
करनपुर - डीबीएस कॉलेज के पीछे
राजपुर रोड - सांई मंदिर के पास सहस्त्रधारा बाईपास पर
राजपुर - धौरण के पास
परेड ग्राउंड - लैंसडाउन चौक
रेसकोर्स - बन्नू स्कूल चौराहा
निरंजनपुर - श्रम न्यायालय के पास
लालपुल - इंदिरेश हॉस्पिटल रोड
सीमाद्वार - मानक चौक के पास
........................
नगर निगम का सीमा विस्तार हो चुका है। ऐसे में वेंडिंग जोन का सर्वे नए सिरे से कराना आवश्यक हो गया है। जिसे देखते हुए जल्द सर्वे कराया जाएगा।
- विनोद चमोली, मेयर