छात्र संघ ने फूंका एचआरडीए सचिव का पुतला
-- अवैध निर्माण ध्वस्त करने की मांग को छठे दिन भी जारी रहा छात्रसंघ का धरना
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
परशुराम चौक के समीप कुंभ मेला वाहन पार्किंग में किए जा रहे निर्माण कार्य को अवैध बताते हुए पीजी ऑटोनामस कॉलेज के छात्रसंघ पदाधिकारियों ने एचआरडीए सचिव का पुतला फूंका। इस दौरान उन्होंने अवैध निर्माण कार्य को शीघ्र ध्वस्त करने की मांग उठाई। चेताया कि ऐसा नहीं किया गया तो छात्रों को लामबंद कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। राजकीय स्नातकोत्तर स्वायत्तशासी महाविद्यालय छात्रसंघ पदाधिकारियों का कुंभ मेला पार्किंग स्थल पर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की मांग को लेकर रविवार को छठे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा।
इस दौरान छात्रों ने दुपहिया रैली निकाली व त्रिवेणीघाट चौक पहुंचकर हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्राधिकरण के सचिव का पुतला फूंका। इस मौके पर छात्रसंघ अध्यक्ष शिवम भारद्वाज ने कहा कि छात्र अवैध निर्माण के विरुद्ध आंदोलनरत हैं, मगर एचआरडीए व स्थानीय प्रशासन इस मामले में कार्रवाई करने की बजाए मूकदर्शक बना है। प्रदर्शनकारियों में छात्रसंघ उपाध्यक्ष अजय जायसवाल, सचिव इमरान खान, अमन शर्मा, सलीम, संजय बहुगुणा, संदीप शर्मा आदि शामिल थे।