हल्द्वानी। कॉमनवेल्थ गेम्स की क्वींस बेटन (मशाल यात्रा) का उत्तराखंड में भव्य स्वागत किया जाएगा। क्वींस बेटन पांच अक्तूबर को उत्तराखंड पहुंच रही है, जो छह अक्तूबर तक यहां रहेंगी। क्वींस बेटन का स्वागत देहरादून, हल्द्वानी और नैनीताल में किया जाएगा। देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व खेल मंत्री अरविंद पांडेय सहित अन्य कई मंत्रियों द्वारा स्वागत किया जाएगा। भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने दी है। फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि इस बारे में प्रदेश सरकार को अवगत करा दिया गया है। सचिव खेल हरबंस सिंह चुघ ने बताया कि सरकार एक दो दिन के भीतर तय करेगी कि कहां-कहां और किस तरह से क्वींस बेटन का स्वागत किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि क्वींस बेटन के साथ प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी चलेंगे। इस बारे में प्रभारी सहायक निदेशक खेल अख्तर अली ने बताया कि नैनीताल जिले के प्रतिष्ठित खिलाड़ी जो इस बेटर रिले में दौड़ना चाहते हैं अपने पहचान पत्र और खेल प्रमाण पत्र के साथ अपना आवेदन 15 सितंबर तक हल्द्वानी में कर सकते हैं।