पुरोला। जिलाधिकारी आशीष कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों को जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। प्रधानों से कहा है कि कूड़ादान लगाने वाली ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों में प्राथमिकता दी जाएगी।
तहसील सभागार में आयोजित जनता दरबार में डीएम ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। उन्होंने सिंचाई, लोनिवि के अधिकारियों को शीघ्र क्षेत्र की सड़कों व नहरों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएचसी पुरोला में अल्ट्रासाउंड लगाने के लिए शासन को अवगत करा दिया गया है। दोणी क्षेत्र के रणदेव कुंवर ने नैटवाड़ सेवा मोटर मार्ग को खोलने की मांग की। सरगांव के पूर्व प्रधान शीशपाल सिंह ने कहा कि गंगराली पुल से सर बड़ियार मोटर मार्ग के तीन किमी तक विभाग द्वारा 34 लाख खर्च किए हैं, लेकिन कार्य कुछ भी नही किया गया है। डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। नव क्रांति के गजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने से दिक्कत आ रही है। पूर्व प्रधान राजपाल ने सुकड़ाला खड में बाढ़ सुरक्षा कार्य कराने की मांग की। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पवन नौटियाल ने कहा कि वार्ड नं. 7 की स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है। डीएम ने तहसीलदार को रामासिराई क्षेत्र में गत दिनों ओले से क्षतिग्रस्त हुई फसल का पुन: आंकलन करने के निर्देश दिए। इस मौके पर पुरोला विधायक राजकुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष प्यारे लाल हिमानी आदि मौजूद थे।