कर्णप्रयाग। नगरवासियों को साफ पानी पीने की उम्मीदों पर झटका लग सकता है। लोक निर्माण विभाग ने जलसंस्थान को बजट न होने का हवाला देते हुए पैसे देने से इंकार किया है। ऐसे में मिट्टी युक्त पानी की आपूर्ति से जल्द निजात मिलनी मुश्किल है।
बारिश होने पर नगर के अपर बाजार, तहसील परिसर, अस्पताल परिसर सहित मुख्य बाजार के कुछ हिस्सों में मिट्टी युक्त पानी की आपूर्ति हो रही है। लोगों की शिकायत पर अधिकारियों ने जांच की तो पता चला लोनिवि की ओर से निर्माणाधीन चौंडली सड़क का मलबा गदेरे में डाला जा रहा था। इसी गदेरे से घरों तक लाइन से पानी की सप्लाई हो रही थी। तब निर्णय लिया गया की वर्तमान में चालू स्रोत से करीब ढाई किमी दूर मुख्य स्रोत तक नई लाइन बिछाकर साफ पेयजल की आपूर्ति की जा सकती है। इस पर जलसंस्थान ने लोनिवि को 8 लाख 82 हजार का इस्टीमेट भेजा था, लेकिन लोनिवि के अधिकारियों नेेेे पैसा न होने पर जल संस्थान का इस्टीमेट न स्वीकार कर पाने की बात कही। लोनिवि के अधिशासी अभियंता केएस राणा ने बताया कि सड़क कटिंग का मलबा डंपिंग जोन में है। वहीं लोनिवि के पास अभी इतनी रकम नहीं है कि जल संस्थान को दी जा सके। यदि ठेकेदार की ओर से गदेरे में मिट्टी को डंप किया गया होगा तो ठेकेेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।