सहारनपुर चौक पर अवैध तंबाकू उत्पाद जब्त करते हुए तीन थोक विक्रेताओं के खिलाफ कोटपा एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कार्रवाई कर सिगरेट की तीन पेटियां जब्त कीं।
बृहस्पतिवार को जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ. निधि रावत के नेतृत्व में अमित कुमार-चौरसिया बद्रर्स, पुनीत बंसल-पुनीत ट्रेडर्स और मोहित जायसवाल-जायसवाल ट्रेडर्स की सहारनपुर चौक की दुकानों और गोदामों पर छापा मारा। इस दौरान कई तंबाकू उत्पादों पर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक संबंधी चेतावनी नहीं लिखी गई थी। इस दौरान 14 तरह की विदेशी ब्रांड की सिगरेट की तीन पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने तीनों दुकानदारों के खिलाफ कोटपा एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टीम में एसीएमओ डॉ. निधि रावत, लक्ष्मण चौक चौकी प्रभारी एसआई कविंद्र राणा, तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की जिला सलाहकार अर्चना उनियाल, डॉ. रेखा उनियाल, अनुराग उनियाल, मनीश पाल, अजय पाल, ओम कुमार शामिल रहे।