ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
कैंसर से बचाव की जागरुकता के लिए रविवार को इंडो कैनेडियन रिसर्च फाउंडेशन की ओर से 10वीं मैराथन ऑफ होप टैरी फॉक्स रन का आयोजन किया गया। द दून स्कूल में आयोजित मैराथन ऑफ होप टैरी फॉक्स रन में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने दौड़ लगाई। दौड़ में बच्चों ने कैंसर की रोकथाम के लिए जागरूकता का संदेश दिया।
विश्व प्रसिद्ध द दून स्कूल से टैरी फॉक्स रन की शुरुआत रविवार सुबह हुई। डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर जेएस जग्गी और दून स्कूल के हेडमास्टर मैथ्यू रेग्गेट ने हरी झंडी दिखाकर टैरी फॉक्स रन को रवाना किया। इसमें 30 स्कूूलों के करीब दो हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए। चार किमी की दौड़ स्कूल के हेडमास्टर गेट से शुरू होकर कैंब्रियन हॉल आरआईएमसी व गढ़ी कैंट स्थित शहीद दुर्गा मल्ल पार्क होते हुए वापस स्कूल में पूरी हुई। दौड़ में एक-दूसरे से आगे निकलने का उत्साह तो नजर आया, लेकिन मकसद केवल कैंसर के प्रति जागरुकता का संदेश देना था। इस दौरान इंडो-कैनेडियन रिसर्च फाउंडेशन के चेयरमैन गुरमीत सिंह छात्रों से रूबरू हुए। स्कूल के छात्र आर्यन भट्टाचार्य ने टैरी फॉक्स रन के बारे में जानकारी दी। कैनेडियन हाई कमीशन की ओर से कमल थॉसटेंसन और वेनेसा फेयरी भी पहुंचे। दौड़ में दून स्कूल, वेल्हम ब्वायज, वेल्हम गर्ल्स, कैंब्रियन हॉल, दून गर्ल्स, ऐन मैरी, एसजीआरआर, जसवंत मॉर्डन, ओएसिस, ब्राइटलैंड, यूनिसन वर्ल्ड, केंद्रीय विद्यालयों सहित 30 स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर दून स्कूल के डायरेक्टर पब्लिक रिलेशन पीयूष मालवीय भी मौजूद रहे।