ऊर्जा निगमों में अधिकारियों और अभियंताओं के तबादले के आदेश
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। ऊर्जा विभाग के तीनों निगमों यूपीसीएल, यूजेवीएनएन और पिटकुल में तीन साल से अधिक समय से एक ही जगह जमे अधिकारियों व अभियंताओें के स्थानांतरण करने के आदेश जारी किए गए हैं। केंद्रीय निर्वाचन आयोग व मुख्य सचिव के आदेश पर ऊर्जा सचिव ने ऊर्जा विभाग के तीनों निगमों के प्रबंध निदेशकों को पत्र भेजकर कहा है कि वे अपने निगमों में एक ही जगह पर जमें अधिकारियों, अभियंताओं को स्थानांतरित करें।
उल्लेखनीय है कि आगामी महीनों में लोकसभा चुनाव होने है। केंद्रीय निर्वाचन आयोग, केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकार व राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोग के निर्देश पर राज्य सरकार ने जिलों में एक ही जगह पर तीन साल से अधिक समय से जमें जिलाधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों, उप जिलाधिकारियों के साथ ही पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले कर दिए हैं, लेकिन अभी भी तमाम ऐसे विभाग हैं जिन्हाेंने अपने अधिकारियों व कर्मचारियाें के तबादले नहीं किए हैं।
अब ऊर्जा विभाग ने यूपीसीएल, यूजेवीएनएल और पिटकुल के प्रबंध निदेशकों को पत्र भेजा है कि वे अपने निगमों में तीन साल से अधिक समय से एक ही जगह पर जमें अधिकारियों व कर्मचारियाें के तबादले कर शासन को अवगत कराएं।
बता दें कि तीनों निगमों में तमाम ऐसे अधिकारी व कर्मचारी है जो तीन से अधिक साल से एक ही स्थान पर जमें है। इन अधिकारियों, अभियंताओं व कर्मचारियों में कई हैं जिनके स्थानांतरण तो किए गए लेकिन उन्होंने राजनीतिक पहुंच के चलते तबादला रुकवा लिया, लेकिन अब जबकि निर्वाचन आयोग व मुख्य सचिव ने आदेश दिया है तो ऐसे सभी अधिकारियों, अभियंताओं व कर्मचारियों का तबादला होना तय है।