ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सहस्त्रधारा रोड स्थित आमवाला तरला (आलयम) में दुर्बल आय वर्ग के 240 परिवारों के लिए बनकर तैयार मकानों की लॉटरी शनिवार को होगी। इसके लिए आवेदकों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। 873 में से सही पाए गए 813 आवेदकों के बीच लॉटरी होगी। दूसरी ओर ट्रांसपोर्टनगर में दुर्बल आय वर्ग के लिए बने 224 मकानों में से 222 लाभार्थियों को फ्लैट नंबर शुक्रवार को आवंटित कर दिए गए। इनमें 10 वरिष्ठ तथा 6 दिव्यांगों को भूतल पर भवन आवंटित किए गए हैं।
बता दें, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दुर्बल आय वर्ग के 464 लोगों को फ्लैट का आवंटन किए जाने थे। इसके तहत बीते 17 दिसंबर को नगर निगम में 689 लोगों के बीच लॉटरी कराई गई थी। इसके बाद 224 लोगों की लॉटरी निकाली गई। प्रपत्रों की जांच और भौतिक सत्यापन के बाद 222 लाभार्थियों को शुक्रवार को भवन नंबर आवंटित किए गए।
वहीं, दूसरी ओर आमवाला तरला (आलयम) में दुर्बल आय वर्ग के लिए 240 आवास बनाए गए हैं। इसके लिए 873 लोगों ने आवेदन किया था। अधिकारियों के मुताबिक प्रपत्रों की जांच के बाद 813 आवेदन सही पाए गए हैं। आवेदकों की सूची एमडीडीए की वेबसाइट पर डाल दी है। लॉटरी प्रक्रिया शनिवार को सुबह साढ़े नौ बजे से नगर निगम सभागार में शुरू होगी। एमडीडीए सचिव पीसी दुम्का ने बताया कि शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, मेयर सुनील उनियाल गामा व विधायक-सांसदों की मौजूदगी में लॉटरी निकाली जाएगी। इस मौके पर एमडीडीए उपाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव एसएस नेगी आदि मौजूद रहे।
पांच को मुख्यमंत्री सौंपेंगे फ्लैट की चाबी
विभागीय सूत्रों के मुताबिक ट्रांसपोर्टनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दुर्बल आय वर्ग के लोगों के लिए बनाए गए 224 फ्लैटों की चॉबी पांच मार्च को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सौंपेंगे। इसके बाद लाभार्थी अपने मकानों में रहना शुरू करेंगे।
टाउन हॉल के बाहर लगाई जाएगी स्क्रीन
नगर निगम टाउन हॉल में पिछली बार की तरह इस बार भी सभागार में जगह कम होने के चलते परिसर में टेंट लगाकर स्क्रीन लगायी जाएगी। लोग वहीं से लॉटरी प्रक्रिया देख सकेंगे। जिसके नाम की लॉटरी निकलेगी, वही भवन की चाबी लेने के लिए परिवार के सदस्यों के साथ टाउन हाल के अंदर जाएगा।
---
आमवाला तरला के लिए 813 आवेदन सही पाए गए हैं। शनिवार को लॉटरी कराई जाएगी। इसके तहत 240 आवेदकों को मकान दिए जाएंगे।
-डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष, एमडीडीए