ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) की दून शाखा के अधिष्ठापन समारोह में डॉ. संजय गोयल ने अध्यक्ष, डॉ. विजय त्यागी ने सचिव और डॉ. आरके जैन ने कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सदस्यों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
आईएमए के चकराता रोड स्थित सभागार में रविवार को अधिष्ठापन समारोह का आयोजन किया गया। पदभार संभालने के बाद जिला अध्यक्ष डॉ. संजय गोयल ने कहा कि वे चिकित्सकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने वन टाइम सेटलमेंट स्कीम में निजी अस्पताल संचालकों को छूट देने और मानकों में शिथिलता बरतने की मांग की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि वे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के लिए वार्ता करेंगे। शाखा की ओर से अगले अध्यक्ष के रूप में डॉ. अजय खन्ना के नाम पर सहमति बनी। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि पदमश्री डॉ. आरके जैन, डॉ. महेश कुड़ियाल, बीस सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष नरेश बंसल, डॉ. एसडी जोशी, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. पीएस रावत आदि मौजूद रहे।
---
सामाजिक कार्यों में बढ़ेगी भागीदारी
आईएमए पदाधिकारियों ने सामाजिक कार्यों में भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी वर्ष में संघ शहर में पांच सौ पौधे लगाएगा। साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान भी चलाया जाएगा। इसके अलावा अंगदान को बढ़ावा देने की मुहिम से जुड़ते हुए सभी सदस्य लिखित रूप से शपथ लेंगे।