ताईक्वांडो में बागेश्वर के खिलाड़ियों ने मारी बाजी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के अंतर्गत बाक्सिंग और ताईक्वांडो प्रतियोगिता का समापन बुधवार को राजपुर विधायक खजान दास ने किया। समापन पर विधायक खजान दास ने विजेताओं को धनराशि के साथ मेडल व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इससे पूर्ण महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के बाक्सिंग हॉल और युवा कल्याण विभाग के क्रीड़ा हॉल में आयोजित सभी वर्गों के खिताबी मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक वर्ग में नैनीताल के खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा मेडल लेकर विजेता रहे। बागेश्वर के खिलाड़ी दूसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में देहरादून की खिलाड़ियों ने बाजी मारी, जबकि बागेश्वर की खिलाड़ी दूसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 बालक वर्ग में देहरादून पहले और बागेश्वर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, बालिका वर्ग में बागेश्वर पहले और नैनीताल दूसरे स्थान पर रही। अंडर-19 बालक वर्ग का खिताब बागेश्वर ने अपने नाम किया। पिथौरागढ़ दूसरे स्थान पर रहे। जबकि बालिका वर्ग में भी बागेश्वर की खिलाड़ियाें ने बाजी मारी और चंपावत दूसरे स्थान पर रहे।
उधर स्पोर्ट्स कॉलेज के बाक्सिंग हॉल में हुए प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में पिथौरागढ़ पहले और ऊधमसिंह नगर दूसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 वर्ग में चंपावत पहले और देहरादून दूसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 वर्ग में देहरादून पहले और हरिद्वार दूसरे स्थान पर रहे। समापन पर युवा कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक आरसी डिमरी, शक्ति सिंह उप निदेशक, सहायक निदेशक एसके जयराज, सहायक समादेष्टा नीरज गुप्ता, एसके सार्की उप निदेशक, हेम उपाध्याय, मोहन गौड़, प्रमोद पांडेय, विजय प्रसाद, खुशी, अभिषेक जोशी आदि उपस्थित रहे।