पहले ही दिन एक्शन मोड में नजर आए मेयर गामा
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। मेयर सुनील उनियाल गामा ने पहले दिन सोमवार को नगर निगम परिसर में लोगों से मिलने के बाद निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें पहले ही दिन मेयर एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यालय में आने वाले हर व्यक्ति के साथ कर्मचारी शालीनता से व्यवहार कर जल्द ही उसकी समस्या का समाधान करें।
मेयर गामा ने बैठक में अधिकारियों से शहर से जुडे़ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। सफाई व्यवस्था पर उनका विशेष जोर रहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी 100 वार्डों की सफाई के लिए डीपीआर एवं टेंडर प्रक्रिया तीन महीने में पूरा कर लिया जाए। इनमें पुराने 60 वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य निविदा के अनुसार जल्द ही किया जाए। साथ ही स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाए।
उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि निगम परिसर में दिव्यांगों के लिए कैंप लगाने के लिए समाज कल्याण विभाग के अधिकारी से बात की जाए। कहा कि तहसील के तीसरे माले पर आयोजित होने वाले कैंप में पहुंचने में दिव्यांगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी समस्याओं के समाधान और सहूलियत के लिए निगम परिसर में कैंप लगाया जा सकता है। उन्होंने घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले हर व्यक्ति के साथ शालीनता से व्यवहार कर जल्द ही उसकी समस्या का समाधान किया जाए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त नीरज जोशी, उप नगर आयुक्त सोनिया पंत, वीरेंद्र रावत, विजय दास, डॉ. कैलाश जोशी, डॉ. आरके सिंह, डॉ. वी सती, बीपी बधानी, सहेंद्र सिंह नेगी, प्रेम कुमार शर्मा, निर्मला लोहनी, शरद अग्रवाल, धर्मेश पैन्यूली, पूनम रावत, विनय प्रताप सिंह, मनीष पंत, रणजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
----------
कूड़ा कलेक्शन का चार्ज बिजली के बिल के साथ जमा कराएं
नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक में गामा ने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के यूजर चार्ज की वसूली के लिए बिजली के बिल के साथ जोड़ा जाए। इस संबंध में निगम की ओर से पावर कार्पोरेशन को प्रस्ताव भेजा जाए। नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने मेयर को बताया कि निगम में जुडे़ नए वार्डों के लोगों की सहूलियत के लिए चार जोनल कार्यालय बनाए जाने प्रस्तावित हैं। जिनमें सहायक नगर आयुक्त को प्रभारी के रूप में तैनात किया जाएगा।
ऑनलाइन जमा होगा हाउस टैक्स
मेयर ने नगर आयुक्त को निर्देश देते हुए कहा कि बैंकों से संपर्क कर हाउस टैक्स को ऑनलाइन करने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि नगर निगम का कर वसूली का लक्ष्य 25 करोड़ है। निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया जाए। निगम की आय बढ़ाने के लिए नए वार्डों में लगाए जाने वाले होर्डिंग्स के लिए विज्ञापन नियमावली के अनुसार टेंडर पास किया जाए।
---
स्ट्रीट लाइटों का काम पूरा न होने पर जताई नाराजगी
शहर में डेढ़ साल से 42 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगने का कार्य पूरा न होने पर मेयर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ईईएसएल कंपनी एलईडी लाइट लगाने का कार्य सही तरीके से नहीं कर रही है। निगम अधिकारी कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य को जल्द पूरा कराएं। साथ ही नए जुडे़ वार्डों में भी जल्द ही स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था की जाए।
खाली पड़ी सरकारी भूमि का जल्द हो सर्वे
बैठक में गामा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम में जुडे़ नए क्षेत्र में खाली सरकारी भूमि का जल्द सर्वे किया जाए। इसके लिए 10 से 12 पटवारी और लेखपाल की मांग के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाए। साथ ही इन क्षेत्रों में पंचायत भवनों की सूची बनाकर प्रस्तुत की जाए। जिससे इनमें वार्ड कार्यालय व जोनल कार्यालय खोले जा सकें।