ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। दीपक धपोला की कहर बरपाती तेज गेंदबाजी के सामने मणिपुर की पूरी टीम महज 137 रन पर ढेर हो गई। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 50 रन देकर सात विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी टीम उत्तराखंड के करणवीर कौशल ने 45 रन की बदौलत पांच विकेट पर 123 रन बनाए। उत्तराखंड की टीम पहली पारी के आधार पर 14 रन पीछे हैं। वैभव पंवार 23 और कप्तान रजत भाटिया चार रन बनाकर नाबाद लौटे।
सोमवार को अभिमन्यु क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखंड और मणिपुर के बीच मुकाबला हुआ। उत्तराखंड के कप्तान रजत भाटिया ने लगातार दूसरे मैच में टॉस जीता और मणिपुर टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पिछले मैच के हीरो रहे दीपक धपोला ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए मणिपुर के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। दीपक ने तीसरे ओवर में लखन अर्जुन रावत को शून्य के स्कोर पर पवेलियन भेजकर पहला झटका दिया। इसके बाद धपोला ने एक के बाद एक सात विकेट चटकाए। मणिपुर के लिए कप्तान यशपाल सिंह ने एक छोर से टिक कर बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों में 38 रन की पारी खेली। दूसरे छोर से कोई कोई भी बल्लेबाज लंबे समय तक विकेट पर नहीं टिक पाया। ओपनर प्रफोलमणि ने 54 गेंदों में 32 और जयंता ने 30 गेंदों में 15 रन की पारी खेली। अंतिम विकेट के लिए सुल्तान और विश्वोरजीत ने 26 रन जोड़े। सुल्तान ने 20 और विश्वोरजीत ने 11 रन बनाए। दीपक समेत उत्तराखंड के सभी तेज गेंदबाजों ने सुबह की परिस्थितियों और पिच की नमी का फायदा उठाया और मणिपुरी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। धपोला ने 16 ओवर में 50 रन देकर सात विकेट चटकाए। इसके अलावा सनी राणा ने सात ओवर में 30 रन देकर एक और मलोलन रंगराजन ने सात ओवर में 25 रन देकर एक विकेट लिया।
अच्छी शुरूआत के बाद लड़खड़ाई बल्लेबाजी
उत्तराखंड के ओपनर करणवीर कौशल और विनीत सक्सेना ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़े। 15वें ओवर में विनीत 46 गेंदों में 27 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे वैभव भट्ट ने धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए करणवीर का पूरा साथ दिया। करणवीर दुर्भाग्यशाली रहे और 45 रन बनाकर कैच आउट हो गए। इसके बाद वैभव भट्ट और वैभव पंवार ने संयम से बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों ने 20 ओवर में 35 रन की साझेदारी की। 41वें ओवर में वैभव भट्ट 78 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए। दो ओवर बाद ही नए बल्लेबाज सौरभ रावत भी पवेलियन लौट गए। सौरभ ने दो रन बनाए। नाइट वाचमैन के रूप में उतरे सनी राणा खाता नहीं खोल पाए और वह रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान रजत भाटिया और वैभव पंवार ने टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया। उत्तराखंड ने 46 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए। मणिपुर के विश्वोरजीत ने 41 रन देकर तीन और किशन ने 31 रन देकर एक विकेट लिया।
अर्द्धशतक से चूके करणवीर
उत्तराखंड के ओपनर बल्लेबाज करणवीर कौशल अर्द्धशतक बनाने से चूक गए और 55 गेंदों में 45 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 21वां ओवर फेंकने आए किशन की पहली गेंद पर शानदार छक्का जमाया। अगली गेंद को प्वाइंट के ऊपर से मारने के प्रयास में वह कैच आउट हो गए। करणवीर ने बिहार के खिलाफ पहले रणजी मुकाबले में भी 91 रन की शानदार पारी खेली थी।