फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी में उतराखंड ने बिहार को 10 विकेट से हराया

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
विज्ञापन

उत्तराखंड की टीम ने अपने पहले ही रणजी मैच के दूसरे दिन बिहार को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर ऐतिहासिक जीत हासिल की। उत्तराखंड की पहली पारी में बनाए गए 227 रनों के जवाब में बिहार की टीम दूसरी पारी में 169 रन ही बना सकी। बिहार से मिले तीन रन के लक्ष्य को उत्तराखंड ने पहली ही गेंद पर हासिल कर लिया। मैच में नौ विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज दीपक धपोला को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं डेढ़ दिन में बिहार को 10 विकेट हराने पर उत्तराखंड को बोनस अंक भी मिला।
रायपुर के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दूसरे दिन उत्तराखंड ने अपनी पहली पारी सात विकेट पर 201 रन से आगे खेलना शुरू किया। कल के नाबाद बल्लेबाज कप्तान रजत भाटिया और दीपक धपोला बल्लेबाजी करने के लिए उतरे। दीपक अपने कल के स्कोर में कोई इजाफा नहीं कर पाए और दो रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद धनराज शर्मा खाता खोले बिना आउट होकर पवेलियन लौट गए। अंतिम विकेट के लिए कप्तान रजत भाटिया ने सनी राणा के साथ 21 रन जोड़े। रजत भाटिया 38 रन बनाकर नाबाद लौटे। उत्तराखंड ने पहली पारी में 227 रन बनाकर 167 रनों की लीड हासिल की।
विज्ञापन

----------
दीपक और सनी ने ढहाया कहर
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी बिहार की टीम एक बार फिर उत्तराखंड के तेज गेंदबाजों के सामने असहाय नजर आई। पहली पारी में बिहार टीम की बल्लेबाजी को ध्वस्त करने वाले दीपक धपोला ने दूसरी पारी में भी शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए। सनी राणा ने भी उनका शानदार साथ निभाया और बिहार की टीम को 50.5 ओवर में 169 पर ढेर कर दिया। दूसरी पारी के चौथे ही ओवर में सनी राणा ने बिहार को पांच रन के स्कोर पर पहला झटका दिया। उसके बाद उन्होंने बिहार को आठवें ओवर में 32 के स्कोर पर दूसरा और 10वें ओवर में इसी स्कोर पर तीसरा झटका दिया। केशव कुमार और रहमतुल्लाह ने 23-23 रन बनाकर 29 रन की साझेदारी की। इसके बाद आशुतोष अमन दो और कप्तान प्रज्ञान ओझा शून्य रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बिहार के लिए समर कादरी ने सबसे अधिक 36 और अनुनय नारायण सिंह ने 35 रनों की पारी खेली। कुमार रजनीश 16 और बाबुल कुमार 14 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी पारी में सनी राणा ने 51 रन देकर चार, दीपक धपोला ने 48 रन देकर तीन और धनराज शर्मा ने 30 रन देकर दो विकेट लिए।
---
पहली गेंद पर जीता उत्तराखंड
बिहार ने दूसरी पारी में 169 रन बनाकर उत्तराखंड को जीत के लिए तीन रन का लक्ष्य दिया। ओपनर करणवीर कौशल ने दूसरी पारी की पहली ही गेंद पर शानदार चौका जमाकर उत्तराखंड को ऐतिहासिक जीत दिला दी। करणवीर चार और विनीत सक्सेना शून्य के स्कोर पर नाबाद लौटे।
---
तोड़ा लगातार हार का सिलसिला
रणजी ट्रॉफी के पहले मुकाबले में बिहार को हराकर उत्तराखंड ने लगातार हार का सिलसिला भी तोड़ दिया। इससे पहले विजय हजारे ट्रॉफी और वीनू माकंड ट्रॉफी में उत्तराखंड को अपने पहले मुकाबले में बिहार के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी। पहली बार होम ग्राउंड पर खेल रही उत्तराखंड ने हार के क्रम को तोड़कर नई शुरुआत की।

खिलाड़ियों से बातचीत
--
हमें अभ्यास मैच खेलने से फायदा मिला, जिससे हमारी तैयारी बेहतर हुई। मुकाबले में हमें अपनी पसंद की पिच मिली। ट्रायल के दौरान जब मैंने क्रिकेटरों को देखा तो मुझे लगा कि यह सब अच्छे हैं। बिहार के खिलाफ बोनस प्वाइंट के साथ मिली जीत दिवाली के तोहफे की तरह है।
-रजत भाटिया, कप्तान, उत्तराखंड
--
मैच की शुरुआत में हम थोड़ा नवर्स थे। पहली बार इतने बड़े स्तर पर खेलने का दबाव होता है, लेकिन दूसरे छोर से दीपक ने शानदार गेंदबाजी की। मैंने केवल अपनी लाइन-लेंथ का ध्यान रखते हुए गेंदबाजी की। पहली पारी के बाद आत्मविश्वास बढ़ गया, जिसका फायदा दूसरी पारी में मिला।
विज्ञापन

-सनी राणा, उत्तराखंड
--
हमारी टीम हालात से तालमेल नहीं बैठा पाई। उत्तराखंड की टीम ने परिस्थितियों का फायदा उठाया। हमें अभ्यास मैच न खेलने का भी नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि अभी पूरा सीजन बाकी है। उम्मीद है कि टीम अपनी गलतियों से सबक लेकर अगले मैचों में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
-आशुतोष अमन, बिहार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें