नई टिहरी। भारी विरोध प्रदर्शन और धक्कामुक्की के बीच दूसरे दिन भी अतिक्रमण पर प्रशासन की जेसीबी जमकर गरजी। विरोध को देखते हुए प्रशासन को दो घंटे तक अभियान रोकना पड़ा। बाद में पुलिस फोर्स ने आंदोलनकारियों के चारों तरफ घेरा डालकर उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रशासन पर अतिक्रमण तोड़ने के नाम पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाया। प्रशासन की टीम ने 20 स्थानों पर अतिक्रमण ध्वस्त किए।
बुधवार को प्रशासन की टीम ने बौराड़ी से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। मोलधार क्षेत्र से अतिक्रमण ध्वस्त करते हुए अपराह्न दो बजे प्रशासन की टीम जैसे ही 5 ए में पहुंची तो वहां कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के साथ भारी संख्या में लोग पहुंच गए। उन्होंने कहा कि न्यायालय से अतिक्रमण तोड़ने का कोई भी स्पष्ट आदेश नहीं है। जिला प्रशासन अनावश्यक लोगों को परेशान कर रहा है। वह समर्थकों के साथ विरोध स्वरूप वहीं सड़क पर धरने पर बैठे गए। विरोध को देखते हुए प्रशासन को शाम चार बजे तक अभियान रोकना पड़ा। एडीएम शिवचरण द्विवेदी, एसडीएम चतर सिंह चौहान और सीओ किशन सिंह रावत आंदोलनकारियों को मनाते रहे, लेकिन आंदोलनकारी नहीं माने।
साढ़े चार बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के चारों तरफ घेरा डालकर उन्हें खदेड़ डाला। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। विरोध प्रदर्शन के बीच प्रशासन की जेसीबी फिर से अतिक्रमण पर गरज पड़ी। प्रदर्शनकारियों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज राणा, शंाति प्रसाद भट्ट, दर्शनी रावत, आकाश कृषाली, नरेंद्र चंद रमोला, सीमा कृषाली, शकुंतला नेगी, विजय लक्ष्मी थलवाल, राकेश राणा, मोहन सिंह रावत, मानेंद्र रावत, गंगाभगत नेगी, विजय गुनसोला, पंकज रतूड़ी, पुरुषोत्तम थलवाल, आशा रावत, मुर्शरफ अली, देवेंद्र नौटियाल, गिरीश घिल्डियाल, नवीन सेमवाल आदि शामिल रहे। इससे पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने डीएम सोनिका से मुकालात की। डीएम ने उन्हें बताया कि 164 स्थानों पर अतिक्रमण चिह्नित किया गया है। पांच अक्तूबर को हाईकोर्ट में जिला प्रशासन को अतिक्रमण को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी है।
कांग्रेस सरकार आने पर लूंगा वीआरएस
नई टिहरी। अतिक्रमण तोड़ने के दौरान जब 5 ए में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पुलिस और प्रशासन की टीम के बीच धक्का मुक्की हुई तो एडीएम शिवचरण द्विवेदी बोले ‘तीन साल बाद जब कांग्रेस सरकार आएगी तो मैं वीआरएस ले लूंगा’। धक्का-मुक्की के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें सरकार आने पर देख लेने की बात कर रहे थे। ब्यूरो
पंचायत बुलाकर मांगा समर्थन
नई टिहरी। मुस्लिम मोहल्ला के लोगों ने बुधवार को पंचायत की बैठक बुलाई। बैठक में जिला प्रशासन पर अतिक्रमण के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि बिना नोटिस के प्रशासन ने उनके घरों को तोड़ डाला है। टिहरी बांध निर्माण में यहां के लोगों ने अपने पुरखों की पैतृक संपत्ति डुबाकर त्याग का परिचय दिया है। नई टिहरी में जो भूमि पुनर्वास विभाग ने आंवटित की थी, अब उस पर उन्हें नहीं रहने दिया जा रहा है। कांग्रेस नेता और पूर्व दर्जाधारी याकूब सिद्दीकी ने कहा कि कंपाउंड होने के बावजूद उनके होटल को प्रशासन ने जबरन तोड़ा है, जबकि उन्होंने 36 हजार रुपये कंपाउंड शुल्क जमा किया हुआ है। संगठित होकर सभी लोगों से प्रशासन की कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देेने का आह्वान किया गया। धारा 144 खत्म होने के बाद कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में व्यापार मंडलाध्यक्ष अमरीश पाल, सतीश पाल, हनी धनराज, जयेंद्र रावत, वाजिद अली, हाशिम, अनीशा खान, अब्दुल सलाम, महमूद हसन व सलीम खान आदि उपस्थित रहे।