ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
दिव्यांगों को सुविधाओं और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए अलग-अलग जगहों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हर्षल फाउंडेशन, दून संस्कृति और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से उन्हें एक ही छत के नीचे सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए 29 और 30 सितंबर को देहरादून में निशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में दिव्यांगों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाओं का लाभ देने का प्रयास किया जाएगा। अलग-अलग विभागों में चल रही दिव्यांगों की योजनाओं, रोजगार व कौशल विकास कार्यक्रमों, पेंशन व स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा दिव्यांग पहचान पत्र, सरकारी सहायता, बैंक लोन जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
निशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर का पिछले वर्ष बड़ी संख्या में दिव्यांगों ने लाभ उठाया था। इस वर्ष गांधी रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में शिविर आयोजित होगा। आयोजक रमा गोयल ने बताया कि शिविर में दिव्यांगों के कृत्रिम हाथ, बांह, पैर बनाकर लगाए जाएंगे। इसके लिए उनका नाप लेकर मौके पर ही कृत्रिम अंग तैयार किए जाएंगे। जरूरतमंद दिव्यांगों को व्हील चेयर, ट्राई साइकिल और बैसाखी भी प्रदान की जाएगी।
--
खाने और ठहरने की मुफ्त सुविधा
शिविर में अन्य स्थानों से आने वाले दिव्यांगों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था मुफ्त रहेगी। आयोजकों की ओर से दूसरे स्थानों से पहुंचने वाले दिव्यांगों के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
--
इन नंबरों पर करें संपर्क
अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए रमा गोयल - 9997013062, अमिता गोयल - 9412984972 और संजय गर्ग - 9412973492 से इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।