ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
होली के चलते रोडवेज बसों में यात्रियों का दबाव बढ़ने लगा है। त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की आईएसबीटी में भीड़ उमड़ने लगी है। बुधवार को दिल्ली, बरेली, हल्द्वानी और टनकपुर क्षेत्र के लिए अतिरिक्त बसें लगाई गई। वॉल्वो और एसी बसों के टिकट के लिए मारामारी होने लगी है। वॉल्वो और एसी बसें त्योहार के बाद देहरादून वापसी के लिए भी एडवांस में पैक हो गई हैं।
त्योहार पर ट्रेनें पैक हैं। अधिकांश यात्रियों ने पखवाड़े पहले ही रिजर्वेशन कराए हैं। ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिलने के कारण यात्री उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों पर निर्भर हैं। आईएसबीटी से प्रतिदिन औसतन 503 बसों का संचालन होता है। अधिकांश बसों की कुमाऊं, दिल्ली और यूपी के अलग-अलग रूटों के लिए आवाजाही होती है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने त्योहार के मद्देनजर अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ चालकों एवं परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू की है। ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी झेलनी न पड़े।
बुधवार को आईएसबीटी में दोपहर बाद यात्रियों की भीड़ उमड़ने लगी। परिवहन निगम के डीजीएम आरपी यादव और एजीएम फाइनेंस जीएस कठैत ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्टेशन अधीक्षक आरएल पैन्यूली के मुताबिक बरेली और कुमाऊं के रूटों पर दबाव बढ़ने लगा है। बरेली के लिए पांच अतिरिक्त बसें लगाई गई। हल्द्वानी, टनकपुर और काशीपुर के लिए भी बसें बढ़ाई गई हैं। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि जिन रूटों पर दबाव रहेगा वहां के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
.....................
यूपी परिवहन ने भी बढ़ाई बसें
होली पर घर जाने को उमड़ी यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेशन परिवहन निगम ने भी कई रूटों पर अतिरिक्त बसें लगाई गई। आईएसबीटी के यातायात अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि दिल्ली, बरेली, आगरा आदि रूटों पर अतिरिक्त बसें लगाई गई। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी अतिरिक्त बसें लगाई जाएगी।
.................
वॉल्वो और एसी बसें वापसी में भी पैक
वॉल्वो और एसी बसों के लिए मारामारी है। एडवांस में इनकी बुकिंग हो चुकी है। वॉल्वो और एसी बसों की होली के बाद देहरादून वापसी के लिए भी एडवांस बुकिंग है।