अमर/ब्यूरो उजाला, देहरादून
होली पर यात्रियों को बसों के लिए मारामारी नहीं झेलनी पड़ेगी। रोडवेज प्रबंधन ने चालकों-परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना के साथ ही दबाव वाले रूटों पर अतिरिक्त बसों के संचालन के आदेश जारी किए हैं। प्रोत्साहन योजना छह मार्च तक लागू रहेगी।
आईएसबीटी देहरादून से प्रतिदिन औसतन 503 बसों का संचालन होता है। दिल्ली और कुमाऊं के रूटों की सर्वाधिक सवारियां होती हैं। त्योहारों पर बसों के लिए यात्रियों को मारामारी झेलनी पड़ती है। इस बार यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर रोडवेज प्रबंधन ने चालकों और परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना के साथ ही उनकी ड्यूटी निर्धारित कर दी है। स्टेशन अधीक्षक आरएल पैन्यूली के मुताबिक, होली के लिए 28 फरवरी से भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसको लेकर स्टेशन स्तर पर तैयारियां पूरी हैं। बरेली के लिए सवारियों का दबाव बढ़ने पर सोमवार से एक बस अतिरिक्त लगाई गई है। कल से जिन रूटों पर यात्रियों का दबाव बढ़ेगा वहां बसों का संचालन बढ़ेगा। हल्द्वानी, टनकपुर और काशीपुर क्षेत्र के लिए बसों का संचालन एक मार्च से बढ़ा दिया जाएगा।
--
आरपी भारती को प्रभार
आईएसबीटी के मंडलीय प्रबंधक सीपी कपूर के टनकपुर रीजन में तबादले के बाद अभी तक आईएसबीटी में नए अधिकारी की तैनाती नहीं हो सकी है। रोडवेज मुख्यालय ने होली के मद्देनजर फिलहाल उपमहाप्रबंधक (मुख्यालय) आरपी भारती को आईएसबीटी का प्रभार सौंपा है।
--
यह मिलेगा प्रोत्साहन
24 फरवरी से लागू प्रोत्साहन योजना के तहत चालकों और परिचालकों को दस दिन ड्यूटी करनी होगी। इसके तहत मैदानी रूटों पर 2420 किमी, पर्वतीय रूटों पर 1800 किमी और मैदानी-पर्वतीय मिश्रित रूटों पर 2000 किमी बसों का संचालन करने वाले चालकों-परिचालकों को एक हजार रुपये प्रोत्साहन दिया जाएगा। 11 दिन की ड्यूटी करने वाले चालकों-परिचालकों को प्रोत्साहन राशि 1100 रुपये दी जाएगी। योजना चालक और परिचालकों के अलावा अन्य कर्मचारियों पर भी लागू होगी। अन्य कर्मचारियों को नियमित 10 दिन की ड्यूटी पर 750 रुपये और कार्यशाला में वाह्य स्रोत कर्मियों को पांच सौ रुपये प्रोत्साहन दिया जाएगा।