मुंशी गांव में आग से छानी समेत कई पेड़ जले
- बीते शुक्रवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में पक्षी के आने से लगी थी आग
अमर उजाला ब्यूरो
नागथात।
मुंशी गांव बीते शुक्रवार की सुबह बहूंदो छानी के पास हाईटेंशन लाइन से एक पक्षी के टकराने के बाद लगी आग दूसरे दिन भी बुझाई नहीं जा सकी। आग से मुंशी गांव निवासी शमशेर सिंह की छानी पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गई। वहीं बिसोई और लाच्छा गांव में घास के मैदानों में दिन भर आग जलती रही। आग से नींबू, अखरोट, आड़ू के 70 पेड़ भी जल गए हैं।
मालूम हो कि बीते शुक्रवार की सुबह छानी के पास एक पक्षी हाईटेंशन लाइन से टकराने के बाद जलता हुआ नीचे घास के मैदान में जा गिरा था। जिसके चलते एक बड़े भू-भाग में खड़े घास के मैदान पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गए थे। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। लेकिन शाम ढलते-ढलते तेज हवाएं चलने से सुलगी आग ने शनिवार को फिर से विकराल रूप धारण किया लिया। देर शाम तक ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने वालों में प्रधान दिनेश तोमर, जगत सिंह, संतराम, सुनील सिंह, चैन सिंह, दौलत सिंह, स्वराज, विनोद सिंह, अर्जुन सिंह आदि शामिल रहे।