विरोध में फूंका पालिका प्रशासन का पुतला
-- कूड़ेदान हटाने की मांग को लेकर 18वें दिन भी धरना जारी
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। मायाकुंड स्थित केवलानंद चौक से कूड़ेदान को नहीं हटाने पर स्थानीय लोगों का विरोध बढ़ता जा रहा है। उन्होंने पालिका प्रशासन का पुतला फूंककर विरोध में नारेबाजी की। चेताया कि शीघ्र ही कूड़ेदान को चौक से नहीं हटाया गया, तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। कूड़ेदान को हटाने की मांग के तहत मायाकुंड के लोगों का धरना 18वें दिन भी जारी रहा। उन्होंने मांग पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर चौक पर ही प्रशासन का पुतला फूंका। इस दौरान आंदोलनकारी सौरभ नैथानी ने कहा कि नगर निकाय और प्रशासन लगातार आंदोलन की अनदेखी कर रहा है।
कूड़ेदान की वजह से स्थानीय लोग, स्कूली बच्चे और बाहर से आने वाले श्रद्धालु परेशान हैं, लेकिन निकाय प्रशासन को शायद इससे कोई लेना-देना नहीं है। चेेताया कि जल्द कूड़ेदान को चौक से नहीं हटाया गया, तो वह स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नगर निकाय के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे। मौके पर अमित गुप्ता, डा. निर्मल विश्वास, गोपाल, विमल, अमित सिंह, राम मंडल, शैलेंद्र रस्तोगी, राम डिमरी, हरिमोहन गुप्ता, केवी सिंह, अर्जुन शाह, आशु मंडल, हरि गुप्ता, अक्षय, उमा शर्मा, हिमांशु गर्ग, गोविंद आदि मौजूद रहे।