शादी समारोह में शामिल होकर ऋषिकेश से जीवनगढ़ गांव लौट रहे लोगों का पिकअप वाहन लांघा रोड पर सामने से आ रहे डंपर से टकरा गया। हादसे में पिकअप वाहन में सवार 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज लेहमन और महंत इंद्रेश अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
थानाध्यक्ष सहसपुर गिरीश नेगी ने बताया कि बीती रात्रि करीब साढ़े दस बजे थाने पर कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई की लांघा रोड के पास ट्रक (यूके-16सीए-0912) तथा पिकअप (यूके-16सीए-0446) की आपस में टक्कर होने से पिकअप वाहन में बैठी सवारियों को चोटें आई हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचीं। जहां चीखपुकार मची हुई थी। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए लेहमन चिकित्सालय हरर्बटपुर भिजवाया गया। परवेज (13) पुत्र नसीम निवासी जीवनगढ़ थाना विकासनगर को गंभीर चोटें आने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में चालक राशिद (34) पुत्र लियाकत, रईस (36) पुत्र लियाकत, साइना (31) पत्नी नईम, नमिला (19) पुत्री शमशाद, शिफा (4) पुत्री नईम, जरीन (8) पुत्री नईम, समा (26) पुत्री इदरीश, रेशमा (38) पुत्री लियाकत सभी निवासी जीवनगढ़ कोतवाली विकासनगर घायल हो गए। जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।