ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। एसजीआरआर विश्वविद्यालय ने नए सत्र की दाखिला प्रक्रिया से ठीक पहले अपने 45 पाठ्यक्रमों का शुल्क घटा दिया है। शुल्क में 50 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक की कमी की गई है। साथ ही छात्राओं, सैन्य परिवार के बच्चों, एसजीआरआर स्कूलों के 12वीं पास छात्रों, गरीब बच्चों को शुल्क में अतिरिक्त छूट देने का भी निर्णय लिया गया है।
शनिवार को श्री गुरुराम राय विश्वविद्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति डॉ. पीतांबर प्रसाद ध्यानी ने कहा कि श्री गुरुराम राय एजुकेशन मिशन के चेयरमैन एवं एसजीआरआर विवि के कुलाधिपति श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने बड़ा कदम उठाते हुए बच्चों को बड़ी राहत दी है। इससे उत्तराखंड के प्रत्येक छात्र के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना आसान हो जाएगी। एमबीए और बीबीए शुल्क में गत वर्ष की तुलना में इस साल 1.20 लाख रुपये की कटौती की है। लगभग इतनी ही कटौती एमसीए व बीसीए के कोर्सेज की फ ीस में की है। बीएससी एग्रीकल्चर और हॉर्टिकल्चर में लगभग डेढ़ लाख एवं फ ार्मा कोर्सेज में दो लाख 40 हजार रुपये की कटौती की है। प्रबंधन, एग्रीकल्चर, फार्मा, एजुकेशन, कंप्यूटर एप्लीकेशन, इन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज समेत 45 पाठ्यक्रमों में शुल्क कम कर छात्रों को उच्च शिक्षा हासिल करने का मौका दिया गया है। प्रेसवार्ता में विवि के विशेष कार्याधिकारी डॉ. योगेंद्र बहुगुणा, डॉ. दिनेश उपमन्यु, गगनदीप मक्कड़, सोनिया गंभीर मौजूद रहे।
सिविल सेवा सहित सभी कोचिंग फ्री
एसजीआरआर विवि ने इस वर्ष से मेधावी छात्रों को सिविल सेवा परीक्षा, एसएसबी, एनडीए, सीडीएस, ओटीए, विधि परीक्षाओं सहित सरकारी नौकरी में जाने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया है।
यह भी मिलेगा लाभ
फीस में छूट के अलावा छात्राओं, सैनिक परिवारों और एसजीआरआर स्कूलों से 12वीं पासआउट और अति गरीब परिवार के बच्चों को सामान्य छूट के अलावा अतिरिक्त छूट भी दी जाएगी। एसजीआरआर विवि में किसी कोर्स के लिए भाई-बहन एक साथ प्रवेश लेते हैं तो बहन को ट्यूशन फीस में 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट दी जाएगी।