डेटलाइन बीतने के बाद भी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं हो रहा है। 31 मार्च तक 60 वार्डों से कूड़ा उठाया जाना था, लेकिन कंपनी मौजूदा समय में केवल 42 वार्डों से ही कूड़ा उठा रही है। हालांकि कंपनी के अधिकारियों का दावा है कि जल्द शेष वार्डों से कूड़ा उठान शुरू किया जाएगा।
नगर निगम ने पिछले वर्ष चेन्नई एमएसडब्ल्यू कंपनी को 60 वार्डों में कूड़ा उठान का कार्य सौंपा था। एक से 15 फरवरी तक कंपनी ने सात वार्डों में ट्रायल किया। उसके बाद 20 फरवरी से शहर के पुराने 30 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था शुरू की। 31 मार्च तक कुल 42 वार्डों से कूड़ा उठान शुरू हो गया था। लेकिन, शेष 18 अन्य वार्डों से भी कूड़ा उठाना था। लेकिन, अभी तक नहीं हो पाया है। जिसके चलते वार्डों से रोजाना कूड़ा नहीं उठ रहा है। कंपनी के प्रोजेक्ट हेड मोहित द्विवेदी ने बताया कि कंपनी के कुछ वाहन जल्द पहुंचने की संभावना है, उनके पहुंचते ही कूड़ा उठान का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
अभी इन वार्डों से उठ रहा कूड़ा
इंदिरापुरम, पंडितवाड़ी, विजय पार्क, इंद्रानगर, श्रीदेव सुमन नगर, वसंत विहार, बल्लूपुर, सीमाद्वार, कांवली, किशन नगर, रेस्ट कैंप, माता मंदिर, रेसकोर्स -उत्तर, रेसकोर्स- दक्षिण, नेहरू कॉलोनी, राजीव नगर, धर्मपुर, डिफेंस कॉलोनी, कौलागढ़, यमुना कॉलोनी, गोविंदगढ़, ब्रह्मपुरी, निरंजनपुर, माजरा, टर्नर रोड, द्रोणपुरी, पटेलनगर पूर्व, लक्खीबाग, मोहित नगर, कारगी आदि।
सफाई को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कंपनी को शेष वार्डों में जल्द कूड़ा उठान व्यवस्था शुरू करने को कह दिया गया है। सफाई व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है।
- विनय शंकर पांडेय, नगर आयुक्त