ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
चार युवकों ने कार सवार युवक और चालक को रोककर सरेराह मारपीट कर दी। युवक को बेरहमी से पीटने के बाद कार में तोड़फोड़ कर चारों धमकी देते हुए फरार हो गए। चालक ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पनियाला निवासी विक्रांत बृहस्पतिवार को अपने कार चालक के साथ मुस्तकीम के साथ किसी काम से बाजार जा रहा थे। इसी बीच रास्ते में चार युवकों ने उनकी कार को रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने विक्रांत को कार से खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी। विक्रांत को पिटता देख मुस्तकीम ने बीचबचाव का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। चारों युवकों ने दोनों केे बुुरी तरह पीटते हुए कार में तोड़फोड़ कर दी।
इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मुस्तकीम ने विक्रांत को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर पनियाला निवासी रमजानी, गुफरान, शौकीन और तौफीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।