दिव्यांग बच्चों ने चित्रकला में दिखाया हुनर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दिव्यांग बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में अपना हुनर दिखाया। उन्होंने चित्रकारी कर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और देशभक्ति का संदेश दिया।
बुधवार को राजपुर रोड स्थित शार्प मेमोरियल स्कूल में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें दिव्यांग बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और देशभक्ति पर आधारित चित्रों को बनाया। प्रतियोगिता में 65 बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में राज्य विधि आयोग के अध्यक्ष राजेश टंडन और राजपुर विधायक खजान दास मुख्य अतिथि रहे। विधि आयोग के अध्यक्ष राजेश टंडन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिव्यांग नाम देकर ऐसे सभी मनुष्यों को सम्मान दिया है। विधायक खजान दास संगठन के कार्यों की सराहना की।
संगठन की प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की महानगर संयोजिका मधु जैन ने कहा कि ऐसे बच्चों को प्रोत्साहन देकर सफलता के मुकाम तक पहुंचाया जा सकता है। अंत में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष लच्छू गुप्ता, कुलदीप, शारदा गुप्ता, कविता चौहान, सरिता कोली, सुनील कोहली, रेखा निगम, राहुल चौहान, सुमन सवाई, डॉ. सैमुएल आदि मौजूद रहे।