ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा और गुरमत केंद्र रेसकोर्स की ओर से रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में 42 गरीब परिवारों को सहायता कार्ड मुहैया कराए गए। इन परिवारों को संस्थाओं की ओर से हर माह मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
गुरमत केंद्र रेसकोर्स में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष विजय पाल सिंह ने कहा कि सभा हर क्षेत्र में समाज की बेहतरी के लिए काम कर रही है। गरीबों की मदद को सभा हर वक्त तैयार रहती है। सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह सेठी ने कहा कि सभा का मुख्य उद्देश्य विभिन्न संगठनों के सहयोग से हर जरूरतमंद को राशन, दवाइयां और गरीब बच्चों को पढ़ाई के लिए पठन पाठन सामग्री मुहैया कराना है। इससे पहले रागी जत्थे ने शबद-कीर्तन कर संगत को निहाल किया। साथ ही सहायता कार्ड वाले परिवारों को राशन वितरित किया गया। कार्यक्रम में समाज के हर वर्ग के लोगों ने कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि अधिवक्ता टीएस बिंद्रा, राकेश चुघ ने सभा के प्रयासों की सराहना की और लोगों से निरंतर समाज की बेहतरी के लिए काम करने की अपील की। इस दौरान बिजेंद्र पाल सिंह, सतपाल सिंह सेठी, गुरनाम सिंह, टीएस आनंद, भजनपाल सिंह, अमरीक सिंह, दया सिंह, भजनपाल सिंह खालसा आदि मौजूद रहे।