वेल्हम ने वुडस्टॉक को आठ विकेट से हराया
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
वेल्हम स्कूल की टीम ने वुडस्टॉक स्कूल को आठ विकेट से शिकस्त देकर ऑल इंडिया पीसी बत्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला जीत लिया है। वेल्हम स्कूल के लिए शेख फयाज ने सबसे अधिक 42 रन की पारी खेली। टूर्नामेंट में 17 टीमें भाग ले रही हैं।
रविवार को कसिगा स्कूल में ऑल इंडिया पीसी बत्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला मैच वुडस्टॉक स्कूल और वेल्हम स्कूल के बीच खेला गया। वुडस्टॉक की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में 103 रन बनाए। अमर बेरी ने सबसे अधिक 36 रन का योगदान दिया। वेल्हम स्कूल के लिए कनिष्क कपूर ने चार ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी वेल्हम स्कूल की टीम ने 13.3 ओवर में दो विकेट पर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। शेख फयाज ने सबसे अधिक 42 रन बनाए। वुडस्टॉक के लिए अमर राठौर ने एक ओवर में नौ रन देकर एक विकेट हासिल किया।
इससे पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि दून स्कूल के प्रिंसिपल मैथ्यू जोनाथन रैगेट ने किया। इस मौके पर कसिगा स्कूल केे चेयरमैन रमेश बत्ता, सिद्धार्थ बत्ता, उत्तराखंड यूथ 20-20 क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकुर शर्मा, आयोजन सचिव जावेद बट्ट, माइकल जेम्स, वासी हसन, बरसर पल्लव, चंद्रशेखर यादव आदि उपस्थित रहे।