ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
टेंडर होने के पांच माह बाद भी सड़क का निर्माण शुरू न होने से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। लोगों का कहना था कि सड़क खराब होने के कारण अक्सल दुर्घटनाएं होता हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश रावत ने बताया कि करीब पांच माह पहले आईटीबीपी-सन पार्क रोड निर्माण के लिए एक करोड़ 35 लाख रुपये का टेंडर हुआ था। इसके बावजूद आज तक काम शुरू नहीं किया गया है। सड़क पर नालियों का गंदा पानी बह रहा है। पहले से ही टूटी सड़क के गड्ढों में जलभराव औह गंदगी से आवागमन दूभर हो गया है। केंद्रीय विद्यालय और आईटीबीपी के पास की सड़क काफी बदहाल है। इसके चलते अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। वहीं दिनेश रावत ने बताया कि कैबिनेट मंत्री ने एमडीडीए अधिकारियों को सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नगर आयुक्त को सफाई व्यवस्था बनाने को भी कहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में रूबी गोयल, राजेंद्र सिंह, यशिका, प्राची पुरोहित समेत अन्य स्थानीय लोग शामिल रहे।