कूड़ा प्रकरण में अधिकारियों को अदालत से समन जारी
-- अदालत ने पक्ष रखने के लिए पेश होने के दिए आदेश
-- सफाई कर्मचारियों ने अदालती समन पर की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। शहर के बीचोंबीच डंप कूड़े के मामले में न्यायालय ने नगर निकाय के अधिकारियों को समन भेजकर 8 जनवरी को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है। कूड़े को लेकर जारी घमासान अब थमने की बजाए ज्यादा बढ़ने की आशंका है। न्यायालय सिविल जज, ऋषिकेश की अदालत में शहर के बीचोंबीच डंप कूड़े को लेकर हरीश आनंद समेत सात नागरिकों ने याचिका दायर की थी। याचिका में वादियों ने जिलाधिकारी, नगर निकाय के अधिशासी अधिकारी, सफाई निरीक्षक और स्वास्थ्य निरीक्षक को प्रतिवादी बनाया है। अदालत ने पहले संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर 14 बिंदुओं पर जवाब-तलब किया था।
इसके बाद अधिकारियों को कोर्ट ने समन जारी कर न्यायालय में पेश होने का आदेश दिया है। लिहाजा इस प्रकरण में अदालत की दखल के बाद मामला और ज्यादा गर्माने की आशंका है। शनिवार को नगर निकाय के सफाई कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को भेजे गए अदालती समन पर चर्चा की। उन्होंने सर्वदलीय संघर्ष समिति के आंदोलन पर सवाल उठाते हुए जानना चाहा कि समिति के लोग ही उन्हें बता दें कि शहर के कूड़े को कहां डाला जाए। उधर, कोर्ट से समन आने के बाद निकाय के अधिकारी परेशान नजर आए। उनका कहना था कि कूड़े के मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं है। बावजूद उन्हें प्रतिवादी बना दिया गया है।