60 पेटी अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई।
सहसपुर पुलिस ने चंडीगढ़ ब्रांड की 60 पेटी अवैध शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब की कीमत दो लाख रुपये आंकी जा रही है। शराब को वाहन के पीछे बने केबिन में छिपा कर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया है।
रविवार की दोपहर चौकी प्रभारी रंजीत खनेड़ा डाट पुलिया पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें हिमाचल के पांवटा की ओर से सफेद रंग की बोलेरो मैक्स यूके 15सीए-0497 आती दिखाई दी। जिस पर तिरपाल ढका हुआ था। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने रुकने का इशारा किया। चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोक लिया। पुलिस कर्मियों को अपनी ओर आता देख वाहन में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
तलाशी लेने पर गाड़ी का पिछला हिस्सा खाली मिला। जिस पर पुलिस कर्मियों को शक हुआ। पुलिस कर्मियों ने सख्ती की तो पकड़ गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने वाहन में केबिन बनाए हुए है, जिसमें शराब छिपा कर रखी है, जबकि पुलिस कर्मियों ने केबिन खुलवाया तो उसमें शराब की बोतलों को छिपा कर रखा गया था।
थानाध्यक्ष पंकज देवरानी ने बताया कि आरोपियों की पहचान लेखराज निवासी सेक्टर 20 बी थाना इंड्रस्ट्रीयल एरिया चंडीगढ़ और पूलम सिंह निवासी ग्राम पोखरी पटवारी क्षेत्र कंडीसौड जिला टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई। शराब की सप्लाई सब्जी मंडी देहरादून में करनी थी। दोनों शराब के तस्कर हैं। चंडीगढ़ से सस्ते दामों में शराब खरीद कर लाते हैं, जिसे देहरादून, कोटद्वार, टिहरी और ऋषिकेश क्षेत्र में महंगे दामों पर बेच देते हैं। टीम में सिपाही नवीन कोहली, अमित कुमार, महेंद्र कुमार, मंजीत कुमार आदि मौजूद रहे।