क्षेत्र में हुए दो सड़क हादसों में एक व्यापारी की मौत हो गई और लैंसडौन घूमने जा रहे एक ही परिवार के 12 लोग घायल हो गए। घायलों में एक डेढ़ वर्ष और एक सात वर्ष का बच्चा भी शामिल हैं।
रविवार दोपहर बिजनौर से कोटद्वार की ओर आ रही स्कार्पियो नजीबाबाद-कोटद्वार के बीच बारह ड्रम के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में एक ही परिवार के बारह लोग घायल हो गए। घायलों में जंदरपुर बिजनौर निवासी गुड्डी (50 वर्ष), माही (14), फरमान (21), अनम (19), नेहा (26), इमान (डेढ़ वर्ष), संबल मुरादाबाद निवासी मुबिन (सात), साइस्ता (16), आदील (14 वर्ष), चांदीन (30), शान (40) और वाहन चालक (28) मुजफ्फर अली शामिल हैं। सभी घायलों को निजी वाहन से राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बताया गया है कि यह परिवार नया साल मनाने मुरादाबाद से लैंसडौन घूमने जा रहा था।
बैजरो। बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीरोखाल के ग्राम शेरा के पास बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त होने से बैजरो के व्यापारी की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। बैजरो के व्यापारी सतेंद्र नेगी (35 वर्ष) अपने साथी रामनगर निवासी मनोज जोशी के साथ बोलेरो से 31 दिसंबर की रात रामनगर से अपने घर सुकई लौट रहे थे। इस बीच रात दस बजे के लगभग सुकई से छह किमी पहले ग्राम शेरा के पास उनकी बोलेरो अनियंत्रित होकर नयार नदी में जा गिरी।
वाहन नदी में गिरने और चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर नजदीक के गांव शेरा और ग्राम ककरोड़ा के ग्रामीण नदी की ओर भागे। ककरोड़ा के प्रधान जगदीश बिष्ट ने कहा कि वे ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सड़क पर लाए, वहां से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोखाल ले जाया गया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टर ने उन्हें रामनगर रेफर कर दिया। रामनगर अस्पताल ले जाते समय सतेंद्र नेगी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उनके साथी मनोज जोशी का रामनगर के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बैजरो बाजार के युवा व्यापारी की दुर्घटना में मौत की खबर से पूरा क्षेत्र शोक में डूबा है। व्यापारी के शोक में बैजरो बाजार बंद रहा। उनकी मौत पर विधायक तीरथ सिंह रावत, प्रमुख कविता पोखरियाल, कांग्रेस महासचिव राजपाल बिष्ट, पूर्व प्रमुख दर्शन सिंह रिगोडा, जिला पंचायत सदस्य जयदीप नेगी, अनूप बिष्ट, बैजरो बाजार समिति के अध्यक्ष विनोद रावत के अलावा क्षेत्र के विभिन्न संगठनों ने शोक व्यक्त किया है।