ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
बैंककर्मियों ने सेवा उपरांत सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों की तर्ज पर बढ़ी हुई पेंशन देने के साथ ही चिकित्सा सुविधा देने की मांग की। पंजाब नेशनल बैंक रेटिरिएस एसोसिएशन की ओर से गुरुनानक वेंडिंग प्वाइंट सुभाष रोड में आयोजित प्रांतीय अधिवेशन में सेवानिवृत्त बैंककर्मियों ने मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए निराकरण की मांग की।
प्रांतीय अधिवेशन का उद्घाटन करने के बाद ऑल इंडिया बैंक रेटिरिएस फेडरेशन के महामंत्री एससी जैन ने कहा कि देशभर में संगठन के पदाधिकारियों, सदस्यों की संख्या दो लाख है। जो कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का एक बड़ा संगठन है। उन्होंने कहा कि देश में सभी केंद्रीय व राज्य सरकारों के सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियोें को वेतन बढ़ोतरी के साथ ही बढ़ी हुई पेंशन दी जा रही है, लेकिन बैंककर्मियों को सेवानिवृत्त के बाद इसका लाभ नहीं मिल पाया है। सरकार व बैंक प्रबंधन को इस पर ध्यान देना होगा। महामंत्री जैन ने बैंककर्मियों को सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियाें की तर्ज पर चिकित्सा सुविधा दिए जाने की भी मांग उठाई। साथ ही कहा कि बीमा कंपनियों की ओर से बीमा प्रीमियम में भारी बढ़ोतरी किए जाने की वजह से लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
अधिवेशन में जगमोहन मेंदीरता ने मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि बैंक अधिकारियाें, कर्मचारियों को एकजुट होना होगा। अधिवेशन में एके बंसल, मित्र बासु, हरि सिंह, वीके कमल समेत कई वक्ताओं ने विचार रखे। अधिवेशन की अध्यक्षता आरके शर्मा ने की।
----
आरके चेयरमैन, एसके अध्यक्ष बने
प्रांतीय अधिवेशन के दौरान एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकािरणी का भी गठन किया गया। इसमें आरके शर्मा चेयरमैन, एसके सिंह को अध्यक्ष, जीएस नेगी को महामंत्री, डीएस भंडारी को कोषाध्यक्ष, आरके गोस्वामी को उपमहामंत्री निर्वाचित किया गया।