ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं देने जा रहे उन युवाओं के लिए इस बार आसानी होगी जो कि इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन की भी तैयारी कर रहे हैं। दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से जेईई मेन का आयोजन दो बार कराया जाएगा। दोनों ही तिथियों के हिसाब से छात्रों को तैयारी का बेहतर समय मिलेगा।
12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होकर तीन अप्रैल तक चलेंगी। दो मार्च को अंग्रेजी, पांच मार्च को फिजिक्स, 12 मार्च को केमिस्ट्री, 18 मार्च को मैथ्स की महत्वपूर्ण परीक्षाएं हो जाएंगी। पहले जेईई मेन का आयोजन छह जनवरी से 20 जनवरी तक होगा। लिहाजा तैयारी आसानी से की जा सकती है। जो छात्र जेईई मेन-2 में हिस्सा लेंगे, उनके लिए भी तैयारी का समय बेहतर मिलेगा। दरअसल, महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षाएं 18 मार्च तक खत्म हो जाएंगी। इसलिए छह अप्रैल से 20 अप्रैल तक होने वाली जेईई मेन-2 की परीक्षा की तैयारी को काफी समय मिल जाएगा। परीक्षा विशेषज्ञ अविरल क्लासेज के निदेशक डीके मिश्रा का कहना है कि जो छात्र जेईई मेन-1 देंगे, वे जेईई मेन-2 भी दे सकते हैं। दोनों में से जो बेहतर होगा, वह स्कोर इस्तेमाल किया जा सकेगा। जो छात्र बोर्ड की तैयारी में व्यस्त होने के चलते जेईई मेन-1 नहीं दे सकेंगे, वे जेईई मेन-2 के लिए आठ फरवरी से सात मार्च तक आवेदन कर सकेंगे।