ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
इस यात्रा सीजन में गढ़वाल मंडल विकास निगम अब तक 38 करोड़ 61 लाख रुपये की कमाई कर चुका है। जो पिछले वर्ष की तुलना में नौ करोड़ रुपये से अधिक है। सबसे ज्यादा आय टूरिस्ट रेस्ट हाउस के जरिये हुई है। टूरिस्ट रेस्ट हाउस से जीएमवीएन को पौने सात करोड़ रुपये की आय हुई है।
गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों के मुताबिक निगम ने औली स्कीइंग, एलटीसी, बार, टीआरएच, सेंट्रल स्टोर, कैंटीन, माउंट डिविजन आदि से इस वर्ष 29 करोड़ 85 लाख रुपये की आय हुई है। पिछले वर्ष केवल 24 करोड़ 48 लाख रुपये की ही आय हुई थी। इसी तरह यात्रा कार्यालय दून दर्शन, मसूरी दर्शन और ऋषिकेश योजना के साथ ही अन्य कार्यालयों से आठ करोड़ 76 लाख रुपये की कमाई हुई, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा आठ करोड़ नौ लाख रुपये था। अधिकारियों की मानें तो इस वर्ष चारधाम यात्रा से भी पांच साल बाद अच्छी कमाई हुई है। खर्च और कर्मचारियों का वेतन हटाने के बावजूद निगम को दो करोड़ से अधिक धनराशि का लाभ हुआ है।
---
जीएमवीएन के लिए इस वर्ष का यात्रा सीजन काफी अच्छा रहा। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार नौ करोड़ रुपये का लाभ हुआ है। हम सुविधाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे अगले सीजन में और ज्यादा मुनाफा हो।
-बीएल राणा, महाप्रबंधक (पर्यटन), गढ़वाल मंडल विकास निगम