तीन नहीं दो दिन का होगा ज्ञान कुंभ
ब्यूरोे/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। उच्च शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए ज्ञान कुंभ का आयोजन तीन नहीं दो दिन होगा। पहले यह कार्यक्रम तीन, चार व पांच नवंबर को होना था, जो अब केवल तीन व चार नवंबर को होगा। शनिवार को सचिवालय में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत व उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ज्ञान कुंभ की वेबसाइट व लोगो लांच किया। ज्ञान कुंभ का आयोजन कुंभ नगरी में स्थित पतंजलि योगपीठ में होगा।
सीएम ने बताया कि इस बार ज्ञान कुंभ 2018 का आयोजन उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और इसे इनोवेटिव सोच के साथ शोधपरक बनाने के मकसद से किया जा रहा है। ज्ञान कुंभ का शुभारंभ तीन नवंबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। इसके अलावा उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडे़कर ने भी ज्ञानकुंभ में आने की सहमति दी है। शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि ज्ञान कुंभ का यह आयोजन भारत वर्ष में अपने प्रकार का पहला आयोजन है। इसमें भारत वर्ष के सभी राज्यों के उच्च शिक्षा मंत्री, उच्च शिक्षा सचिव, सभी विवि के कुलपति, समस्त आईआईटी, एनआईटी, आईआईटी तथा समस्त शैक्षणिक संस्थानों के निदेशक/अध्यक्ष शामिल होंगे। इस मौके पर श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के अपर मुख्य सचिव डॉ. रणवीर सिंह, कुलपति डॉ. यूएस रावत, पतंजलि योगपीठ के प्रतिनिधि डॉ. राकेश मित्तल, सीएम सलाहकार नरेंद्र सिंह, रमेश भट्ट, महानिदेशक सूचना दीपेंद्र कुमार चौधरी आदि मौजूद रहे।