नंद रानी दे दे बधाई... पर झूमे श्रद्धालु
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। भगवान श्री कृष्ण के छठी उत्सव में शनिवार को पटेलनगर स्थित श्री श्याम सुंदर मंदिर में भक्ति गीतों की बयार बही। नंद रानी दे दे बधाई.., जन्म उत्सव हम आपका आज मनाएंगे..., नंद जी के आंगन में बज रहीं शहनाईयां आदि भक्ति गीतों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। इसके पहले ठाकुर जी का विशेष शृृंगार किया गया और श्रद्धालुओं ने कन्हैया के दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की।
पटेलनगर स्थित श्री श्याम सुंदर मंदिर में श्री श्याम संकीर्तन मंडल एवं महिला संकीर्तन मंडल की ओर से कन्हैया के भजनों की प्रस्तुती दी गई। भजन गायक तजेंद्र हरजाई, डाली, हेमा, मिनी जायसवाल एवं किरन शर्मा ने बधाई गीत तेरा जुग जुग जीये लाल, नंद रानी देदे बधाई... जन्म उत्सव हम आपका आज मनाएंगे... नंद जी के आंगन में बज रहीं शहनाईयां आदि भजन सुनाकर लोगों को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर प्रधान अवतार मुनियाल, ओमप्रकाश सूरी, गोविंद मोहन, मोहन आनंद, भपेंद्र चड्ढा, गौरव कोहली, यशपाल मग्गो, वेद प्रकाश आनंद, राजू गोलानी, मनोज सूरी, अजय कथूरिया, विनोद कपूर, राज कालिया मौजूद रहे।
श्री कृष्ण छठी उत्सव पर भंडारे का आयोजन
देहरादून। कृष्ण जन्माष्टमी के छठे दिन जीएमएस रोड इंदिरापुरम स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में श्री कृष्ण छठी धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पंडित ज्ञानेंद्र पांडे ने कृष्णजी को कढ़ी चावल का भोग लगाया। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने भजन कीर्तन प्रस्तुत किए और गोपियां बनकर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मोना, सीमा बहारी, स्नेह लता, संजय अरोड़ा, एमपी यादव, अभिनाश अग्रवाल, राजकुमार चावला, आरके वर्मा, सोनिया, गीता, शशि जोशी समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।