कांवली रोड से बैरंग लौटी टास्क फोर्स
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। अतिक्रमण हटाओ टास्क फोर्स ने बृहस्पतिवार को कांवली रोड पर सहारनपुर चौक से कार्रवाई शुरू की। तभी व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध शुरू कर दिया। व्यापारियों ने चिन्हिकरण में मनमानी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान व्यापारियों और अधिकारियों में तीखी नोकझोंक भी हुई। आखिरकार विरोध के चलते अधिकारी बैरंग लौट गए। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में अतिक्रमण हटाया गया।
हाईकोर्ट के आदेश पर चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। इस दौरान कांवली में टास्क फोर्स को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। जिससे कार्रवाई नहीं हो सकी और अधिकारी बैरंग लौट गए।
अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने बताया कि मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण, नगर निगम एवं प्रशासन के संयुक्त अभियान में अनधिकृत निर्माणों को ध्वस्त किया गया। बृहस्पतिवार को अभियान के दौरान 92 अतिक्रमण हटाए गए जबकि 104 चिन्हित किए गए। इसके अलावा तीन भवनों को सील किया गया। बताया कि अब तक कुल 4526 अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त किया जा चुका है। साथ ही 7821 का चिन्हीकरण किया गया है। अभियान के दौरान अब तक 117 भवनों में सीलिंग की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स को आदेश दिया गया है कि अवैध अतिक्रमण हटाने में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
इसके अलावा सिंचाई विभाग के अफसरों को हिदायत दी गई है कि शहर में जिन-जिन स्थानों पर विभाग की जमीन पर अतिक्रमण है, वहां जल्द कार्रवाई करें। कुछ अतिक्रमणकारियों ने मलबे नहीं उठाया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसके लिए नगर आयुक्त को निर्देश दिए गए हैं कि मलबे का उठान कर संबंधित भवन स्वामी को नोटिस जारी कर मलबे के उठाने का खर्च वसूला जाए।