निष्क्रिय पदाधिकारियों को पद से हटाएगा उक्रांद
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। गैरसैण में आयोजित होने वाले दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के केंद्रीय मंत्री दिवाकर भट्ट ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की।
गैरसैण में उक्रांद का 24 और 25 जुलाई को वार्षिक अधिवेशन होना हैं। रविवार को इसको लेकर हुई बैठक में दिवाकर भट्ट ने कहा कि वार्षिक अधिवेशन में निष्क्रिय पदाधिकारियों को पद से हटाया जाएगा। इसके बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार तबादला एक्ट की धज्जियां उड़ा रही है। मुख्यमंत्री और मंत्री अपने सगे-संबंधियों को लाभ पहुंचाने के लिए तबादला एक्ट से खिलवाड़ कर रहे हैं, जबकि जरूरतमंदों को धक्के खाने पड़ रहे हैं। कांग्रेस अपने 10 वर्ष के शासनकाल में उत्तरा पंत बहुगुणा की समस्या का निस्तारण कर देती तो यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना नहीं होती। वहीं भट्ट ने पौड़ी के नैनीडांडा में हुई बस दुर्घटना पर दुख जताया। इस दौरान दल के संरक्षक बीडी रतूड़ी, लताफ त हुसैन, केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय, बहादुर सिंह रावत, महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री, पंकज व्यास आदि मौजूद रहे।