ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
एसजीआरआर पीजी कॉलेज में शनिवार को हुई गढ़वाल विश्वविद्यालय की परीक्षा में छात्रों को गलत प्रश्न-पत्र दिया गया। छात्रों का कहना है कि प्रश्न पत्र विवि स्तर से ही गलत भेजा गया था। इससे छात्रों को फेल होने का डर जा रहा है। एसजीआरआर के परीक्षा नियंत्रक ने पूरा मामला गढ़वाल विवि को भेज दिया है।
एसजीआरआर पीजी कॉलेज में शनिवार को बीए, बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्रों की स्किल एनहांसमेंट परीक्षा थी। इसके तहत छात्रों ने पोर्टफोलियो ऑप्टिमाइजेशन का पेपर चुना था, लेकिन प्रश्न पत्र देखकर छात्र हतप्रभ रह गए। छात्र कुलदीप पंत के अनुसार परीक्षा फार्म में भरे विषय के इतर लॉजिक एंड सेट्स का प्रश्न पत्र दिया गया था। इस समस्या के बाबत एसजीआरआर के परीक्षा नियंत्रक को लिखित में अवगत कराया गया, लेकिन तत्काल कोई लाभ नहीं मिला। एसजीआरआर पीजी कॉलेज के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि पूरा मामला गढ़वाल विवि को भेज दिया गया है। विवि के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।