ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
शिक्षा विभाग में एक ही पद पर काम कर रहे शिक्षकों को अलग-अलग ब्लॉक में अलग-अलग वेतन दिया जा रहा है। इससे कम वेतन पाने वाले शिक्षकों में खासा रोष है। शिक्षकों ने सभी शिक्षकों को समान वेतन देने की मांग की है।
टीईटी उत्तीर्ण औपबंधिक शिक्षक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य सिंह पंवार ने बताया कि 1207 शिक्षकों को औपबंधिक से हटाकर नियमित सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति दी गई। यह सभी शिक्षा मित्र टीईटी उत्तीर्ण, डीएलएड व बीटीसी होने के साथ ही शिक्षक बनने की सभी पात्रता पूरी करते हैं। कुछ समय पूर्व कोर्ट के निर्देश पर उन्हें औपबंधिक से हटाकर मौलिक नियुक्ति दे दी गई। 2015 से कुछ विकासखंडों में शिक्षकों को वेतन बढ़ोत्तरी का लाभ दिया गया लेकिन कई जगह आज भी यह लाभ नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक पद और एक जैसा काम करने के बावजूद शिक्षकों के वेतन में विसंगति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी शिक्षकों को समान वेतन देने की मांग की। उन्होंने बताया कि शिक्षकों ने निदेशक और अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर समस्या का समाधान करने की मांग की है।