ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
ओवरलोडिंग, खतरनाक ड्राइविंग, अनाधिकृत संचालन और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों की धरपकड़ के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी ने मंगलवार से विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है। इसके लिए दस्ता गठित करते हुए अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है।
आरटीओ सुधांशु गर्ग के मुताबिक 14 मार्च को परेड ग्राउंड से राजपुर रोड, आईएसबीटी, रिस्पना, जोगीवाली, डोईवाला, सहारनपुर रोड, आईएसबीटी आशारोड़ी मार्ग पर चेकिंग होगी। 15 को चकराता रोड, परेड ग्राउंड, ईसी रोड, आराघर, रिस्पना बाईपास और मोथरोवाला, परेड ग्राउंड, शिमला बाईपास, पेलियो मार्ग, चिड़ियापुर रिस्पना, जोगीवाला, मोहकपुर रोड पर चेकिंग होगी। 16 मार्च को रायपुर रोड, सस्त्रधारा रोड, राजपुर रोड सांई मंदिर, कुठालगेट, मालसी, धर्मपुर, रिस्पना, जोगीवाला बाईपास पर चेकिंग होगी। एआरटीओ अरविंद पांडे के मुताबिक विशेष चेकिंग अभियान में परीक्षित भंडारी प्रवर्तन सिपाहियों के साथ आशारोड़ी चेक पोस्ट पर वाहनों को चेक करेंगी। संगीता भट्ट प्रवर्तन दल के साथ वाहनों की चेकिंग करेंगी। इस दौरान यात्रियों को टिकट न देने, किराया सूची न लगाने, चालक एवं परिचालक का वैध लाइसेंस न होने, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड वाले वाहनों को सीज किया जाएगा। प्रवर्तन टीम स्कूली वाहनों की भी चेकिंग करेगी। इसके अलावा आईएसबीटी, तहसील चौक, परेड ग्राउंड से अवैध तरीके से संचालित वाहनों को सीज किया जाएगा। इस दौरान कार में बिना सीट बेल्ट और दोपहिया में हेलमेट नहीं पहनने वाले चालकों का चालान किया जाएगा।