ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
शहर के शराब ठेकों के सामने यातायात संभालने की जिम्मेदारी अब ठेका संचालकाें की होगी। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अंग्रेजी शराब के आठ ठेकों पर गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इन गार्डों का काम ठेके के सामने यातायात संचालित करने के साथ वाहन पार्किंग सुनिश्चित कराना होगा।
जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में कहा गया कि शराब के ठेकाें के बाहर वाहन खडे़ होने से यातायात बाधित हो रहा है। इससे दुर्घटनाओं का संभावनाएं भी बनी रहती है। इनमें घंटाघर स्थित शराब की दुकान, न्यू एम्पायर सिनेमा के पास, आरटीओ ऑफि स के पास, आराघर चौक, बिंदाल पुल, जीएमएस रोड, प्रेमनगर तथा डोईवाला के अंग्रेजी शराब ठेके के सामने ज्यादा यातायात प्रभावित होता है। जिलाधिकारी ने इन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्थित करने के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात करने के आदेश दिए हैं। इन क्षेत्रों में दोपहर एक सेे रात नौ बजे और अवकाश के दिनों में सुबह 10 से रात 10 बजे तक यातायात संचालित करने को सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने जिला आबकारी अधिकारी से कहा कि सुरक्षा गार्ड की सूची उपलब्ध कराने को कहा है। इन गार्डों को पुलिस को यातायात नियमाें के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरविंद पांडेय, जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार उपाध्याय, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महावीर चमोली आदि मौजूद रहे।