ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
प्रदेशभर में ऑडिशन के बाद चुने गए नए कलाकार इन दिनों बॉलीवुड कलाकारों के मार्गदर्शन में एक्टिंग, सिंगिंग, डांसिंग, मॉडलिंग और एंकरिंग के हुनर सीख रहे हैं। इनमें से चुनिंदा कलाकारों को दो जनवरी को दून में होने वाले ग्रैंड फिनाले में काबिलियत दिखाने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रूप में प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं अभिनेता तिग्मांशु धूलिया मौजूद रहेंगे।
अमर उजाला टैलेंट सर्च के लिए करीब एक माह में हुए ऑडिशन में करीब एक हजार बच्चों ने हिस्सा लिया। इसमें से करीब 200 बच्चों को टैलेंट सर्च वर्कशॉप के लिए चुना गया। उन्हें बॉलीवुड कलाकार ट्रेनिंग देकर ग्रैंड फिनाले के लिए तैयार कर रहे हैं। एक्टिंग एवं एंकरिंग ट्रेनर फारुक सिद्दीकी, अरविंद, आलोक, सिंगिंग ट्रेनर दीपक जैन, प्रिंस, डांस ट्रेनर सलमान रजा खान, आकाश और मॉडलिंग ट्रेनर सिड, सोनाली, विशाल प्रशिक्षु कलाकारों का हुनर तलाश कर उन्हें फिल्म इंडस्ट्री के लिए तैयार कर रहे हैं।
टैलेंट सर्च का ग्रैंड फिनाले दो जनवरी को राजपुर रोड, आरटीओ कार्यालय के सामने स्थित सिक्का बिल्डर्स के परिसर में आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंच रहे तिग्मांशु धूलिया ने कहा कि अगर उन्हें किसी कलाकार का काम पसंद आया और उन्हें जरूरत हुई तो वह आगामी फिल्मों में उसे रोल भी दे सकते हैं।