अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
हाईवे पर हर रोज लगने वाले जाम को राज्य के विकास और हरिद्वार के लिए बड़ी समस्या बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राज्य सरकार और केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे निर्माण में धीमी गति से निर्माण कार्य किये जाने का आरोप लगाया।
इस अवसर पर कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष तरुण नैयर ने कहा कि राज्य सरकार की उदासीनता साफ तौर पर नजर आ रही है। कांवड़ मेला प्रारंभ होने वाला है, लेकिन सरकार की तैयारियां नजर नहीं आ रही हैं। हाईवे जाम मुक्त नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी हाईवे निर्माण को लेकर उदासीनता बरत रहे हैं। बाहर से आने वाले यात्री श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।
जिला सचिव ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि हाईवे का जाम लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुका है। प्रदर्शन करने वालों में प्रदीप आहूजा, दिव्यांश अग्रवाल, आयुष कुमार, अनुज सिंह, नितिन शर्मा, विनोद कश्यप, मोनू राणा, प्रदीप शर्मा, विवेक गोस्वामी, प्रदीप नेगी, सुनील गुप्ता, किरण सिंह, आकाश शर्मा, विनोद कश्यप, विवेक त्यागी, सोनू कुमार, विनोद कुमार, कमलकान्त, जीतू सिंह, अखिल कुमार, आदि शामिल रहे।