देहरादून ने जीता उद्घाटन मुकाबला
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। देहरादून ने ऊधमसिंह को हराकर अंडर-14 बालक वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्धाटन मुकाबला जीता।
बुधवार से खेल महाकुंभ के अंतर्गत राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर और पवेलियन ग्राउंड में हुआ। पहले दिन दोनों मैदानों पर विभिन्न मुकाबले खेले गए। अंडर-14 बालक वर्ग के पहले मैच में देहरादून ने ऊधमसिंह नगर को 4-1 हराया दून की ओर से नमन ने 2 और सचिन व अंशुल रावत ने 1-1 गोल किए। अंडर-17 बालक वर्ग में चंपावत ने अल्मोड़ा को 6-0 से हराया। टीम की ओर से रोहित ने 4 व रितिक और विपिन ने 1-1 गोल दागे। दूसरे मैच में ऊधमसिंह नगर ने चमोली को 2-0 से हराया। रोहित नेगी और अमन 1-1 गोल करने में सफल रहे। तीसरे मैच में टिहरी ने बागेश्वर को 4-2 से हराया। टिहरी के आशुतोष चौहान ने 3 तथा अभिनव ने 1 गोल जबकि बागेश्वर की ओर से नमिश रावत और जतिन कार्की ने 1-1 गोल दागे।
अंडर-19 बालक वर्ग में देहरादून ने ऊधमसिंह नगर को 2-0 हराया। दून की ओर से दोनों ही गोल मुबासिर अली ने किए। दूसरे मैच में पौड़ी ने चमोली को 1-0 से हराया। पौड़ी के बाबी ने यह गोल किया। इस मौके पर निदेशक युवा कल्याण विभाग प्रताप सिंह शाह संयुक्त निदेशक आरसी डिमरी, उप निदेशक युवा कल्याण अजय कुमार अग्रवाल, उप निदेशक शक्ति सिंह, सहायक समादेष्टा नीरज गुप्ता, अनिल रावत, प्रदीप नेगी आदि उपस्थित थे।