ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सीबीएसई की 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में इस बार नकल और पेपर लीक रोकने के सख्त इंतजाम किए जाएंगे। बोर्ड जहां केंद्रों पर दो घंटे पहले ऑनलाइन पेपर भेजेगा, वहीं बाहरी स्कूलों के शिक्षकों को परीक्षा की ड्यूटी में लगाया जाएगा।
सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के क्रम में देशभर के परीक्षा केंद्रों से प्रिंटर की उपलब्धता का आंकड़ा मांगा गया है, जहां ऑनलाइन प्रश्नपत्र भेजे जाएंगे। प्रश्नपत्र पहुंचने के दो घंटे के भीतर प्रिंट किए जाएंगे। इसके बाद प्रश्नपत्र परीक्षार्थियों में बांटे जाएंगे। सीबीएसई ने इस बार परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की जिम्मेदारी दूसरे स्कूलों के शिक्षकों को देने का फैसला लिया है। इसके अलावा दूसरे स्कूलों से ही पर्यवेक्षक भी बुलाए जाएंगे।
बता दें, 2018 में 10वीं और 12वीं दोनों की परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक हो गए थे। इसमें 27 मार्च 2018 को 12वीं अर्थशास्त्र और 28 मार्च 2018 में 10वीं का गणित पेपर आउट हुआ था। इन दोनों विषयों की परीक्षा बोर्ड ने बाद में ली थी।
ऑनलाइन देख पाएंगे परीक्षा केंद्र
जो छात्र अपना परीक्षा केंद्र नहीं जानते हों, उनके लिए सीबीएसई ऑनलाइन सुविधा देगा। इसके लिए सीबीएसई का ऐप डाउनलोड करना होगा। इस ऐप के माध्यम से छात्र ऑनलाइन अपना परीक्षा केंद्र देख सकते हैं। ऐप में परीक्षा केंद्र से रेलवे स्टेशन की दूरी भी बताई जाएगी।
जनवरी में आएंगे एडमिट कार्ड
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड जनवरी में जारी किए जाएंगे और स्कूलों को भेजे जाएंगे। जनवरी में ही परीक्षा की पूरी डेटशीट भी जारी कर दी जाएगी।
---
बोर्ड परीक्षाओं को पूर्ण रूप से सुरक्षित करने के लिए काम किया जा रहा है। बोर्ड मुख्यालय से इस स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। हम अपने स्तर पर पर्यवेक्षकों आदि के चयन में गंभीरता से काम कर रहे हैं।
-रणबीर सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, सीबीएसई देहरादून